नरसिंहपुर (ईएमएस)। अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) नरसिंहपुर श्री विकास पंवार ने बताया कि आगामी 6 जून को नरसिंहपुर में नेशनवाइड मेगा एग्रीकल्चर क्रेडिट आउटरीच कैंप का आयोजन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा। जिले के किसानों, कृषि उद्यमियों और ग्रामीण स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों को कृषि एवं उससे संबद्ध गतिविधियों के लिए विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की 13 शाखाओं के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, स्वसहायता समूह (एसएचजी), खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण भंडारण तथा कृषि व्यवसाय से संबधित ऋणों की स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। यह कार्यक्रम किसानों एवं ग्रामीण उद्यमियों को संस्थागत वित्त उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शिविर के दौरान पात्र आवेदकों को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। ऋण संबंधी मार्गदर्शन और परामर्श भी दिया जाएगा। उन्होंने सभी किसानों, पशुपालकों, स्वसहायता समूह तथा कृषि आधारित उद्यमों से जुड़े व्यक्तियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कृषि विकास, ग्रामीण उद्यमिता एवं वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 02 जून 2026