मनोरंजन
03-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म ‘डॉन 3’ से जुड़े विवाद को लेकर बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इस मामले में अब दावा किया जा रहा है कि अभिनेता ने विवाद को सुलझाने के लिए निर्देशक-निर्माता फरहान अख्तर और फिल्म निर्माता जोया अख्तर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी पहल का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। प्राप्त जानकारी के अनुसार रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर के सामने भविष्य में किसी दूसरी फिल्म में साथ काम करने का प्रस्ताव रखा था। बताया जा रहा है कि अभिनेता का उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच बने तनाव को कम करना और पेशेवर संबंधों को सामान्य करना था। इसी क्रम में उन्होंने जोया अख्तर के साथ भी दोबारा काम करने की इच्छा जताई। रणवीर और जोया इससे पहले फिल्म ‘गली बॉय’ में साथ काम कर चुके हैं, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रणवीर की ओर से दिए गए इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया गया। कहा जा रहा है कि फरहान अख्तर और उनके प्रोडक्शन सहयोगी रितेश सिधवाणी ने इस पेशकश को ठुकरा दिया। वहीं, जोया अख्तर के भी फिलहाल रणवीर के साथ किसी नई परियोजना पर काम करने के इच्छुक न होने की चर्चा है। हालांकि इन दावों पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह की मुख्य भूमिका की घोषणा की गई थी। बाद में उनके फिल्म से अलग होने की खबरें सामने आईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटनाक्रम के कारण निर्माताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि इस मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। रणवीर सिंह के करियर की बात करें तो हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘धुरंधर 2’ को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिली थी। फिल्म ने कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए और वर्ष की सबसे सफल फिल्मों में अपनी जगह बनाई। इस सफलता के बाद अभिनेता के आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार रणवीर सिंह एक बार फिर निर्देशक आदित्य धर के साथ नई फिल्म में काम कर सकते हैं। इसके अलावा उनके नाम की चर्चा फिल्म ‘प्रलय’ को लेकर भी हो रही है, जिसमें कथित तौर पर जॉम्बी आधारित कहानी दिखाई जाएगी। सुदामा/ईएमएस 03 जून 2026