मनोरंजन
03-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन के लुक्स और बढते वजन को लेकर उनकी काफी आलोचना हो रही है। ऐसे बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने खुलकर ऐश्वर्या का समर्थन करते हुए कहा है कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके रूप-रंग से नहीं, बल्कि उसकी उपलब्धियों और योगदान से होनी चाहिए। एक बातचीत के दौरान माधुरी दीक्षित ने कहा कि ऐश्वर्या राय ने अपने लंबे करियर में ऐसी विरासत बनाई है जिस पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या पिछले दो दशकों से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और उनकी उपलब्धियों को केवल बाहरी रूप या शारीरिक बनावट के आधार पर नहीं आंका जा सकता। माधुरी के अनुसार, ऐश्वर्या एक वैश्विक पहचान रखने वाली कलाकार हैं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को दुनिया भर में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। माधुरी ने कहा कि कान फिल्म महोत्सव में लगातार वर्षों तक भारत का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या केवल एक सफल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि पूर्व विश्व सुंदरी भी रही हैं और उन्होंने अपने व्यक्तित्व तथा कार्यों से देश का गौरव बढ़ाया है। उनके अनुसार किसी व्यक्ति को केवल वजन या शारीरिक मापदंडों के आधार पर आंकना उचित नहीं है। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि समाज को इस बात पर गंभीरता से विचार करना चाहिए कि इस तरह की टिप्पणियां युवाओं पर क्या प्रभाव डालती हैं। उन्होंने कहा कि जब लगातार किसी के रूप-रंग पर टिप्पणी की जाती है तो इससे युवाओं के बीच यह गलत संदेश जाता है कि उनकी कीमत केवल उनके बाहरी स्वरूप से तय होती है। जबकि वास्तविकता यह है कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसकी प्रतिभा, मेहनत, उपलब्धियों और व्यक्तित्व से बनती है। माधुरी ने ऐश्वर्या को एक बेहद संवेदनशील और खूबसूरत इंसान बताते हुए कहा कि उनकी वास्तविक सुंदरता केवल उनके चेहरे में नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और व्यवहार में भी दिखाई देती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे कलाकारों की उपलब्धियों और योगदान को अधिक महत्व दें। गौरतलब है कि माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय बच्चन ने वर्ष 2002 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘देवदास’ में साथ काम किया था। इस फिल्म में शाहरुख खान मुख्य भूमिका में थे और इसका निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया था। वहीं माधुरी के पेशेवर जीवन की बात करें तो वह इन दिनों ओटीटी मंचों पर सक्रिय हैं और आने वाले समय में अपनी नई फिल्म ‘मां बहन’ में नजर आने वाली हैं, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। बता दें कि ऐश्वर्या राय बच्चन हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर अपने लुक्स और बढ़ते वजन को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही हैं। खासकर हाल ही में आयोजित कान फिल्म महोत्सव में उनकी उपस्थिति के बाद सोशल मीडिया पर उनके पहनावे, चेहरे और शारीरिक बनावट को लेकर कई तरह की टिप्पणियां की गईं। सुदामा/ईएमएस 03 जून 2026