व्यापार
03-Jun-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ खुला। बाजार में ये गिरावट अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही आईटी शेयरों में बिकवाली हावी रहने से आई है। इसी कारण आज सुबह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 800 अंक जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 23,300 के नीचे खुला। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने और बातचीत को लेकर जारी संशय से भी भारतीय शेयर बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा दिया। कारोबार की शुरुआत से ही बिकवाली का माहौल रहा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेज गिरावट दर्ज की गई। सुबह बीएसई सेंसेक्स 808.16 अंक करीब 1.08 फीसदी टूटकर 73,857.74 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी 215.70 अंक फिसलकर 23,264.85 के स्तर पर आ गया। आज आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी50 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे अधिक गिरे। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी में 3 फीसदी से अधिक की गिरावट रही। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स भी नीचे आया। इसके अलावा मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली दर्ज की गयी। आज बड़ी कंपनियों के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी दबाव का माहौल रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.67 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.48 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी मेटल इंडेक्स में कुछ सुधार था। घरेलू स्तर पर निवेशकों का ध्यान आज से शुरु हो रही भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय बैठक पर रहेगा। अमेरिका-ईरान तनाव से भी बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सीनेट की विदेश संबंध समिति के समक्ष कहा कि ईरान ने होरमुज जलडमरूमध्य के बड़े हिस्से में बारूदी सुरंगें बिछाई हैं और वाणिज्यिक जहाजों पर भी हमला किया है। उनके इस बयान के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ गई है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जल्द समाप्त नहीं होगा और पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ सकता है। दूसरी ओर आज एशिया-प्रशांत क्षेत्र के अधिकांश शेयर बाजारों में बुधवार सुबह उछाल आया है। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया और 2.12 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। वहीं दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग सपाट रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 इंडेक्स 0.45 फीसदी मजबूत हुआ। अमेरिकी बाजारों की बात करें तो मंगलवार को एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.13 फीसदी और डॉव जोन्स 0.45 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं नैस्डैक कंपोजिट में भी मामूली 0.03 फीसदी का उछाल आया। ईएमएस 03जून 2026