क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


- विधायक की गिरफ्तारी की मांग सक्ती(ईएमएस)। सरगुजा जिले के सीतापुर में नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के विरोध में सक्ती जिले के तहसीलदारों और पटवारियों ने कलमबंद और कामबंद हड़ताल शुरू कर दी है। आंदोलनरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में घटना के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के साथ भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई गई है। हड़ताल के चलते जिले के राजस्व कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। जिला मुख्यालय में तहसीलदारों और पटवारियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। तहसीलदार लक्ष्मीकांत कोरी ने बताया कि छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत यह कलमबंद हड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पटवारी संघ ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं तहसीलदार मनमोहन सिंह ने कहा कि शासन-प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से मांगों से अवगत करा दिया गया है। यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो संघ के निर्देशानुसार आंदोलन को और उग्र किया जा सकता है। हड़ताल का असर जिले की राजस्व सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। नामांतरण, सीमांकन, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित कई राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हुए हैं। साथ ही न्यायालयीन प्रक्रियाओं में भी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 जून 2026