क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


सक्ती(ईएमएस)। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में एक बेहद घृणित मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती का नाटक कर शादी का झांसा देकर नाबालिग युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 27 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिषेक केवट निवासी मालखरौदा क्षेत्र ने साल 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए पीड़िता युवती से दोस्ती की थी। 22 दिसंबर 2024 को जब युवती के माता-पिता घर पर नहीं थे, तब अभिषेक उसके घर पहुंचा। उसने शादी करने का वादा करते हुए युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी इस बात से पूरी तरह वाकिफ था कि युवती नाबालिग है। इसके बाद आरोपी लगातार युवती के घर आता रहा और शादी का लालच देकर उसका शोषण करता रहा। 28 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे अभिषेक युवती को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर पोता सरसडोल रोड स्थित एक गोठान के पास ले गया। वहां युवती ने जब उससे शादी के बारे में पूछा तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसका गला दबाया और जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना के बाद भयभीत युवती ने घर जाकर अपने माता-पिता को सारी बात बताई। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने मालखरौदा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की लोकेशन का पता चलते ही पुलिस टीम ने उसके घर पर छापा मारा और अभिषेक केवट को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 जून 2026