क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बागोडार में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर चाचा और भतीजे के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, भतीजा भागवत जैन (42), निवासी बागोडार ने आरोप लगाया कि गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर बैठक रखी गई थी। बैठक में ग्राम प्रमुखों के साथ उनके चाचा छबीलाल जैन (64) भी मौजूद थे। भागवत का आरोप है कि बैठक समाप्त होने के बाद चाचा ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जानलेवा हमला किया, जिससे उसे चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष से चाचा छबीलाल जैन ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान मंझले भाई के परिवार की अनुपस्थिति के कारण चर्चा को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद जब सभी लोग घर लौट रहे थे, तभी भतीजे भागवत जैन ने उनका कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - ईएमएस / 03 जून 2026