गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(ईएमएस)। कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और सोना-चांदी लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बिलासपुर रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना 26 मई 2026 की शाम लगभग 7 बजे की है, जब कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में व्यापारी प्रदीप सोनी पर लूट के इरादे से हमला किया गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी उनके सोना-चांदी से भरे बैग को छीनने की कोशिश कर रहे थे। विरोध करने पर बदमाशों ने अवैध हथियार से गोली चला दी, जिससे प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जेवरात से भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी। मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू और अन्य साथियों के साथ मिलकर बिहार-झारखंड के एक आरोपी राहुल से संपर्क किया था। सभी आरोपियों ने पहले साप्ताहिक बाजार में रेकी की और व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखी। 23 मई को सभी आरोपी बिटकुला में एकत्र हुए, जहां वारदात की पूरी योजना तैयार की गई। घटना के बाद आरोपी देवरीखुर्द स्थित एक ठिकाने पर पहुंचे, जहां लूटे गए सोने-चांदी का बंटवारा किया गया। सबूत मिटाने के लिए पैकिंग सामग्री को पास की टेकरी में जलाकर नष्ट कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य शूटर राहुल, संजय, राजू सहित अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को दूसरे राज्यों में भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए जेवरात का हिस्सा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में बिलासपुर रेंज आईजी, एसडीओपी मरवाही, पेण्ड्रा और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है। वहीं आईजी राम गोपाल गर्ग ने पहले ही फरार आरोपियों की सूचना देने वालों के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 जून 2026