बीएसएफ सहित अन्य एजेंसियों के साथ बैठक नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के प्रयासों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 और 5 जून को त्रिपुरा के दौरे पर जा रहे है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करने और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) सहित अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जमीनी हालात का आकलन करने वाले है। बताया जा रहा हैं कि दौरे के दौरान सीमा प्रबंधन, अवैध घुसपैठ, तस्करी और अन्य सीमा पार गतिविधियों को रोकने के उपायों पर विशेष चर्चा होगी। इस बीच पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली क्षेत्र में पुलिस ने 18 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इसमें छह बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में इन लोगों को पकड़ा है। प्रारंभिक पूछताछ में उनके बांग्लादेशी नागरिक होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी के दस्तावेजों और पहचान की विस्तृत जांच की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बंगाल प्रशासन ने हाल के दिनों में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया तेज की है। इसके तहत विभिन्न जिलों में होल्डिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के दौरान संबंधित लोगों को रखा जा सकता है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। बात दें कि त्रिपुरा भारत के उन राज्यों में शामिल है जिसकी लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा बांग्लादेश से लगती है। राज्य की करीब 856 किलोमीटर सीमा सुरक्षा एजेंसियों के लिए हमेशा से महत्वपूर्ण रही है। हालांकि अधिकांश हिस्सों में सीमा पर बाड़ लगाई जा चुकी है, लेकिन कुछ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सुरक्षा चुनौतियां बनी रहती हैं। इसी वजह से केंद्र सरकार सीमा निगरानी को और प्रभावी बनाने पर जोर दे रही है। केंद्र सरकार ने सीमा सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग को भी प्राथमिकता दी है। ड्रोन, रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक निगरानी उपकरणों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी क्षमता बढ़ाई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि तकनीक आधारित निगरानी से अवैध घुसपैठ, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अधिक प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। इस बीच 8 से 11 जून के बीच नई दिल्ली में भारत और बांग्लादेश के अधिकारियों के बीच सीमा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उच्च स्तरीय वार्ता प्रस्तावित है। बैठक में सीमा सुरक्षा, अवैध आव्रजन, मानव तस्करी, तस्करी रोकथाम और द्विपक्षीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच सीमा प्रबंधन को और मजबूत बनाने तथा समन्वय बढ़ाने के प्रयासों को बैठक से नई गति मिलने की उम्मीद है। आशीष दुबे / 03 जून 2026