क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


पटना, (ईएमएस)। जद (यू) के प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने जारी बयान में कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में विकास और सुशासन के जिस मॉडल को स्थापित किया, उसका सबसे बड़ा लाभ राज्य के युवाओं को मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में संस्थागत विस्तार, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा, छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा बेहतर बुनियादी सुविधाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। आज बिहार का युवा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और जनकेंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। एनडीए सरकार का उद्देश्य है कि राज्य का प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा वर्ग, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सके और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षित, स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित बिहार की नींव हैं। नीतीश कुमार की दूरदर्शी नीतियों और राज्य की वर्तमान एनडीए सरकार के जनकल्याणकारी फैसलों के परिणामस्वरूप बिहार विकास, सामाजिक न्याय और समावेशी प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। - ०३ जून/२०२६/ईएमएस