- बिजली खंभा तोड़ते हुए भागा ड्राइवर; मंडला के महाराजपुर थाना क्षेत्र में हादसा मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पिंडरई रोड पर नादिया के पास अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में उमेश सिंगौर (42) पिता चिरौंजी लाल सिंगौर निवासी ग्राम नादिया, भुवन सिंगौर (36) पिता मनीलाल सिंगौर निवासी ग्राम नादिया और मुन्ना भांवरें (50) पिता मंगल भांवरें निवासी पेटेगांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, जामुन तिराहे के पास तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागते समय वाहन सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे को भी तोड़ता हुआ निकल गया। सूचना मिलने पर महाराजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। महाराजपुर थाना प्रभारी क्रांति कुमार ब्रम्हे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भारी वाहन की टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है। ईएमएस/ मोहने/ 03 जून 2026