क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम रायपुर के सभापति एवं जोन-2 के पदेन अध्यक्ष सूर्यकांत राठौड़ ने बुधवार को जोन-2 कार्यालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा स्ट्रीट लाइट प्रबंधन की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पीडी घृतलहरे, सहायक अभियंता गोविन्द साहेब बंजारे, उपअभियंता सुधीर भट्ट, सहायक राजस्व अधिकारी विजय शर्मा तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभापति श्री राठौड़ ने मानसून की पहली बारिश से पूर्व जोन-2 के सभी सात वार्डों में नालों और नालियों की तली तक सघन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंदे पानी की निकासी सुचारु बनाए रखने के लिए सफाई कार्य समय पर पूर्ण किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में प्रगतिरत विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभापति ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभापति ने मानसून के दौरान स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सतत निगरानी कर नागरिकों को क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने जोन कमिश्नर को नगर निवेश विभाग के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन करने तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/3 जून 2026