क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, कर्मचारियों को फटकार बेहतर वसूली पर डोंगरमाली समिति की सराहना बालाघाट (ईएमएस). जिले में ऋण वसूली की धीमी प्रगति पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ अभिनव सिंह बघेल ने सख्ती दिखाई है। औचक निरीक्षण के दौरान सात समितियों की खराब वसूली पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में कालातीत एवं अकालातीत ऋणों की वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक मृणाल मीना के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिनव सिंह बघेल ने मंगलवार को डोंगरमाली शाखा अंतर्गत विभिन्न समितियों का औचक निरीक्षण कर वसूली कार्यों की समीक्षा की। लड़सड़ा के दो कर्मचारियों का कटेगा वेतन निरीक्षण के दौरान सीईओ सबसे पहले पैक्स समिति लड़सड़ा पहुंचे, जहां ऋण वसूली की प्रगति का जायजा लिया। यहां दो कर्मचारियों के उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं पाए जाने पर उन्होंने दोनों को अवैतनिक करने के निर्देश दिए। साथ ही पीओएस मशीन से किए गए खाद वितरण का मिलान एवं भंडार का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें स्टॉक सही पाया गया। वसूली की स्थिति संतोषजनक नहीं सीईओ ने सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए नए सदस्यों को नियमानुसार लाभ देने के निर्देश दिए। इसके बाद डोंगरमाली शाखा में विभिन्न समितियों की वसूली प्रगति का गहन परीक्षण किया गया। समीक्षा में पाया गया कि नवेगांव, आरंभा, भेंडारा, दीनी, बेनी, लड़सड़ा एवं मेंडकी समितियों में वसूली की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित समितियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वसूली कार्य में तेजी लाने के निर्देश सीईओ ने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए वसूली कार्य में तेजी लाने को कहा। वहीं डोंगरमाली समिति द्वारा लक्ष्य अनुरूप वसूली किए जाने पर कर्मचारियों की सराहना करते हुए बेहतर कार्य के लिए प्रशंसा की। निरीक्षण के क्रम में खैरलांजी एवं रामपायली शाखाओं का भी दौरा किया गया, जहां सदस्यता अभियान, ऋण वसूली, पशुपालन एवं मत्स्य पालन केसीसी, मध्यमकालीन ऋण, ईआरपी एवं सीबीएस कार्यों की समीक्षा की गई। समितियों की तय होगी जवाबदेही सीईओ ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर संबंधित समितियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और कार्य में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। भानेश साकुरे / 03 जून 2026