क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस बोली-हर पहलू से होगी जांच मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के मवई थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन बाद में परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, मवई-सारसडोली मार्ग पर किशोरी घायल अवस्था में मिली थी। सूचना मिलने पर मवई पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मवई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम से पहले ही मृतका के पिता ने छत्तीसगढ़ निवासी एक युवक और सारसडोली निवासी उसके रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया। पिता का कहना है कि किशोरी मंगलवार को एक पड़ोसी युवक के साथ स्कूटी से मवई गई थी। वहां से वह अकेले लौट रही थी, तभी बाद में वह घायल अवस्था में मिली और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि किशोरी को बहला-फुसलाकर बुलाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। उनका दावा है कि शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि शुरुआती सूचना सड़क हादसे की मिली थी, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद मामला गंभीर हो गया है। एसपी के अनुसार, डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है और सीन री-क्रिएशन किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि एसडीओपी भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/ मोहने/ 03 जून 2026