-कुवैत एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को हुआ भारी नुकसान, उड़ान प्रभावित -भारतीय दूतावास ने सहायता का आश्वासन दिया कुवैत सिटी,(ईएमएस)। कुवैत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को हुए ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कुवैती अधिकारियों और भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। हमले में एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को भारी क्षति पहुंची, जिसके बाद हवाई यातायात को अस्थायी रूप से निलंबित करना पड़ा। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वह मृतक भारतीय नागरिक के परिवार और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कुवैती प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरानी ड्रोन हमले में एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल को गंभीर नुकसान पहुंचा। हमले के बाद सुरक्षा कारणों से कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया और कुछ समय के लिए हवाई सेवाएं रोक दी गईं। बाद में सुरक्षा समीक्षा के पश्चात सीमित संचालन बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई। कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 63 घायल विभिन्न सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। इनमें सबसे अधिक मरीज फरवानिया अस्पताल पहुंचे, जबकि अन्य घायलों को जाबेर, जहरा, अल-अदान, अल-अमीरी, अल-सबाह और मुबारक अल-कबीर अस्पतालों में उपचार दिया जा रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि सात घायलों की आपातकालीन बड़ी सर्जरी की गई है, जबकि कई अन्य का उपचार जारी है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम गंभीर रूप से घायल मरीजों की निगरानी कर रही है और आवश्यकतानुसार उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन हमलों ने क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ा दिया है। कुवैत ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमला बताया है। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। घटना की जांच जारी है और मृत भारतीय नागरिक की पहचान संबंधी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हिदायत/ईएमएस 03जून26