क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


नर्मदापुरम(ईएमएस)। भारत अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में भारत पहुंचे उच्च स्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के विरोधस्वरूप संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक द्वारा 4 जून को सुबह 11 बजे जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करके भारत सरकार पर इस समझौते के लिए अनावश्यक दबाव बनाते हुए भारत के आंतरिक मामलों में दखलअंदाजी कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें कृषि, डेयरी व पोल्ट्री क्षेत्रों को प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से बाहर रखे जाने की मांग को लेकर प्रशासन के माध्यम से देश के राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। विगत दिवस 2 जून को हुई ऑनलाइन मीटिंग में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि अमेरिका सरकार द्वारा उनके देश में पहुँचने वाले भारतीय उत्पादों पर भारी भरकम टैक्स लगाए जाते हैं जबकि प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के तहत प्रति किसान करोड़ों रुपए की भारी सब्सिडी प्राप्त करने वाले अमेरिकी किसानों द्वारा पैदा किए गए अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारत में कर मुक्त प्रवेश दिए दिए जाने के लिए बाध्य करके प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी किसानों को संरक्षण देने व भारतीय किसानों की कमर तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। देश के अधिकांश किसानों को भारत सरकार द्वारा मिलने वाली एमएसपी मूल्य से वंचित किया जा रहा है जिसके कारण लाखों किसान आत्महत्या कर चुके हैं अगर इसी तरीके से अमेरिकी दबाव में आकर भारत सरकार ने घुटने टेक दिए तो भारतीय कृषि क्षेत्र इस आघात को कभी भी सहन नहीं कर पाएगा और भारत का किसान पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा। किसान नेता लीलाधर सिंह राजपूत ने कहा की मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर भी प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में अमेरिकी राष्ट्रपति का पुतला दहन करके जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।