भोपाल(ईएमएस)। कोलार जलप्रदाय परियोजना की 1650 एम.एम. व्यास की ग्रेविटी पाईप लाईन में अति आवश्यक संधारण कार्य पूर्ण कर लिया गया है साथ ही थ्रस्ट ब्लॉक का पुनर्निर्माण कार्य भी तीव्र गति से किया जाकर शीघ्र पूर्ण किया जायेगा और नियमित जलप्रदाय की प्रक्रिया प्रारंभ की जायेगी। महापौर श्रीमती मालती राय व निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने संधारण कार्य एवं थ्रस्ट ब्लाक निर्माण कार्य का पृथक-पृथक निरीक्षण किया और सभी शेष कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा कोलार जलप्रदाय परियोजना की ग्रेविटी मेन पाईप लाईन में अति आवश्यक संधारण कार्य हेतु कोलार जलशोधन संयंत्र पर 02 जून 2026 से शट डाउन लिया गया था। निगम के जलकार्य विभाग ने ग्रेविटी मेन पाईप लाईन का संधारण कार्य पूर्ण कर लिया है परंतु इसके थ्रस्ट ब्लॉक का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। थ्रस्ट ब्लॉक का कार्य बुधवार को सांय 05:00 बजे तक 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। महापौर श्रीमती मालती राय व निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन द्वारा संधारण एवं थ्रस्ट ब्लाक निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए दिये निर्देशों के परिपालन में निगम के जलकार्य विभाग ने शेष निर्माण कार्यों की गति को बढ़ा दिया है और यह कार्य शीघ्र पूर्ण कर शहरवासियों को नियमित रूप से की जाने वाली जलापूर्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी। निगम प्रशासन ने कोलार जलशोधन संयंत्र पर लिए गए शट डाउन एवं वर्तमान में जारी थ्रस्ट ब्लॉक निर्माण के कारण नागरिकों को होने वाली असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए जल का अपव्यय न करने और जल बचाकर निगम का सहयोग करने की अपील की है।