क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


- समय में पूरा किया जाए निर्माणाधीन जिला कार्यालयों का कार्य - आवश्यकता के अनुरूप पुराने जिला कार्यालयों का नवीनीकरण भी किया जाए - हेमंत खण्डेलवाल भोपाल (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भवन निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिन जिला कार्यालयों का निर्माण कार्य चल रहा है, उन्हें समय-सीमा में पूरा किया जाए। इस वर्ष पार्टी के स्थापना दिवस पर जिन जिला कार्यालयों का भूमि-पूजन किया गया है, उन सभी का निर्माण कार्य वर्ष 2027 में पार्टी के स्थापना दिवस से पूर्व पूर्ण किया जाए। संगठन ने अगले वर्ष पार्टी के स्थापना दिवस पर निर्माणाधीन जिला कार्यालयों के लोकार्पण का लक्ष्य रखा है। जिन जिलों के कार्यालय पुराने हो गए हैं, उन्हें आवश्यकता के अनुरूप नवीनीकरण तथा कार्यकर्ताओं की सुविधा के अनुरूप और व्यवस्थित किया जाए। निर्माणाधीन जिला कार्यालयों की समीक्षा की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने निर्माणाधीन जिला कार्यालयों के प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि जिन जिला कार्यालयों में पुनरूद्धार कराया जाना आवश्यक है, उनकी रिपोर्ट भी जिलों से बुलाकर कार्य प्रारंभ कराया जाए। आने वाले समय में सभी जिला कार्यालयों में वीडियो कांफ्रेंसिंग व वर्चुअल बैठक की व्यवस्था की जाए, ताकि बैठक के लिए जिलों से कार्यकर्ताओं को भोपाल न आना पड़े। बैठक में भवन निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण समिति के संयोजक एवं पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन एवं आर्किटेक्ट गौरव गर्ग उपस्थित रहे।