क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों को समय-सीमा में करें पूर्ण बालाघाट (ईएमएस). जिले के सभी शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी उपाध्याय ने मंगलवार 3 जून को जिले के सभी शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, अन्यथा संबंधित प्राचार्यों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति, अपार आईडी निर्माण, पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं उसकी पोर्टल पर प्रविष्टि, पात्र विद्यार्थियों को निशुल्क साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति भुगतान, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन, कर्मचारियों की ई-सेवा पुस्तिका के सत्यापन तथा ई-अटेंडेंस व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होते ही सभी पात्र विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। विशेष रूप से आउट ऑफ स्कूल बच्चों की पहचान कर उन्हें पुन: विद्यालय से जोडऩे के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक बच्चा विद्यालय पहुंचे और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे। डीईओ उपाध्याय ने पाठ्यपुस्तकों के वितरण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि सभी विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं तथा वितरण की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर तत्काल दर्ज की जाए। इसी प्रकार अपार आईडी निर्माण एवं छात्रवृत्ति संबंधी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि राज्य शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएं तथा विद्यार्थियों को जल बचाने के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसरों में स्वच्छता, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रमों के आयोजन पर भी बल दिया। बैठक में ई-अटेंडेंस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की ई-सेवा पुस्तिकाओं के सत्यापन कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा। बैठक के अंत में श्री उपाध्याय ने प्राचार्यों से कहा कि शासन की सभी योजनाओं और निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों में कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों एवं प्राचार्यों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।