एसपी ने सम्मानित कर दी शुभकामनाएं, सेवाओं को बताया अमूल्य बालाघाट (ईएमएस). जिला पुलिस में सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके योगदान को सराहा गया। जिला पुलिस बालाघाट में माह मार्च, अप्रैल एवं मई में सेवानिवृत्त हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा द्वारा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग में बिताए गए महत्वपूर्ण पलों को याद किया। उन्होंने अपने कार्यकाल की चुनौतियों, उपलब्धियों एवं विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत्त साथियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए। वहीं परिजनों ने भी विभाग द्वारा दिए गए सम्मान और आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी विभाग की अमूल्य धरोहर होता है। सेवानिवृत्ति केवल शासकीय सेवा का समापन है, लेकिन उनका विभाग और पुलिस परिवार से संबंध सदैव बना रहेगा। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा आग्रह किया कि वे अपने अनुभव समय-समय पर साझा करते रहें, जिससे नई पीढ़ी को मार्गदर्शन मिल सके। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल अभियान, रक्षित निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।