क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


300 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों की समक्ष सुनवाई, अधिकारियों को दिए निर्देश बालाघाट (ईएमएस). जिले में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण को लेकर कलेक्टर मृणाल मीना ने सख्त रुख अपनाया है। समक्ष सुनवाई के दौरान 300 दिन से अधिक पुराने प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया। कलेक्टर मृणाल मीना ने 2 जून को सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग से संबंधित 300 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई कर उनका निराकरण कराया। इस दौरान शिकायतकर्ता, संबंधित पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे। सुनवाई के दौरान लामता निवासी विशाल नाइक की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर पटवारी को सीमांकन कर अतिक्रमण पाए जाने पर हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं कटंगी तहसील के ग्राम सावंगी निवासी अनिल कुमार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि संबंधी शिकायत में पाया गया कि उन्हें नवंबर 2025 से राशि मिल रही है, इसके बावजूद शिकायत बंद नहीं की जा रही थी। इस पर कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए तत्काल शिकायत बंद करने को कहा। किरनापुर निवासी अशोक चौहान की आवासीय भूमि के गलत आवंटन के मामले में सीमांकन कर त्रुटि सुधारने के निर्देश दिए गए। खैरलांजी तहसील के ग्राम डोंगरिया निवासी कृष्ण कुमार दमाहे की जमीन के गलत सीमांकन की शिकायत पर चार दिनों के भीतर पुन: सीमांकन कराने के निर्देश दिए गए। बिरसा तहसील के ग्राम गुदमा की शिवप्यारी द्वारा खसरे में नाम दर्ज कराने की मांग पर जांच में भूमि हीरोबाई के नाम होना सही पाया गया। कलेक्टर ने शिवप्यारी को तत्काल कब्जा हटाने की चेतावनी दी, जिस पर उन्होंने शिकायत बंद करने की सहमति दी। इसके अलावा भंडेरी की समीरा खान और लालबर्रा तहसील के ग्राम पांडरवानी के हेलुराम कावरे की शिकायतों का भी निराकरण कर उन्हें शिकायत बंद करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।