क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सड़क पर पत्थरबाजी कर वाहनों को रोकते और ड्राइवरों से लूटपाट करते थे। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में बताया गया था कि कुछ युवक रात के समय ट्रकों पर पत्थर फेंककर उन्हें रोकते हैं और चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और अन्य सामान लूटकर फरार हो जाते हैं। इसी बीच उर्दना निवासी ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच जब वह आमाघाट इलाके से गुजर रहा था, तभी कुछ युवकों ने अचानक उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और चालक के सिर में चोट भी आई। डर के कारण चालक ने जैसे ही वाहन रोका, एक आरोपी ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब से मोबाइल फोन लूटकर भाग निकला। मोबाइल रियलमी कंपनी का बताया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से रात के समय मुख्य मार्गों पर सक्रिय रहता था और भारी वाहनों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। - (ईएमएस) 04 जून 2026