सक्ती (ईएमएस)। जिले के छपोरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण व्यवस्था में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। प्रारंभिक शिकायतों में लगभग 450 क्विंटल चावल और शक्कर के कथित गबन का आरोप लगाया गया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार छपोरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन जय घाट गोसाईन महिला समूह द्वारा किया जा रहा है। समूह के खिलाफ कलेक्टर, जिला खाद्य अधिकारी और एसडीएम कार्यालय में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। आरोप है कि राशन वितरण रिकॉर्ड में हेरफेर कर कई हितग्राहियों के नाम पर खाद्यान्न वितरण दर्ज कर दिया गया, जबकि उन्हें वास्तविक रूप से राशन प्राप्त ही नहीं हुआ। मामला ऐसे समय सामने आया है जब केंद्र सरकार के निर्देशानुसार अप्रैल, मई और जून माह का राशन एक साथ वितरण किया जा रहा है। इसके लिए पहले ही मार्च माह में खाद्यान्न का आवंटन किया जा चुका था। ऐसे में बड़े पैमाने पर स्टॉक और वितरण में अंतर की आशंका जताई जा रही है। जांच के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक भंडारण का मिलान किया जाएगा। प्राथमिक स्तर पर यह भी संदेह जताया जा रहा है कि स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक उपलब्धता में बड़ा अंतर हो सकता है, जिससे गड़बड़ी की पुष्टि होने की संभावना बढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला खाद्य अधिकारी खुमेश्वर सिंह ने दो सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। टीम में सक्ती के खाद्य निरीक्षक अजीत कुजूर और मालखरौदा के खाद्य निरीक्षक जितेंद्र दिनकर को शामिल किया गया है। दोनों अधिकारियों को मौके पर जाकर स्टॉक, दस्तावेज, ऑनलाइन रिकॉर्ड और वितरण प्रक्रिया की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने जांच टीम को दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संचालक समूह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - (ईएमएस) 04 जून 2026