नई दिल्ली (ईएमएस)। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्हें राजस्थान में पार्टी ने बड़ा पदाधिकारी बनाया था। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अब तक चार चेहरे सामने आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर एक व्यंग्य के रूप में शुरू किए गए सीजेपी के जो चार चेहरे अभी तक सामने आए हैं, उनमें दो का आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़ाव रहा है। संस्थापक अभिजीत दीपके की तरह सीजेपी के एक प्रवक्ता आशुतोष रांका भी आप से नाता रखते हैं। सीजेपी ने 6 जून को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले तीन प्रवक्ताओं की घोषणा की गई है। खोजी पत्रकार सौरव दास पार्टी के मुख्य प्रवक्ता बनाए गए हैं। कॉटेंट राइटर और फिल्म निर्माता विजेता दहिया के अलावा राजस्थान से आने वाले एक आईआईटीयन आशुतोष रांका को प्रवक्ता बनाया गया है। रांका राजस्थान में आप के नेता बताए जा रहे हैं। वह आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी रहे हैं। 30 दिसंबर 2025 को राजस्थान आम आदमी पार्टी के प्रभारी धीरज टोकस और सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने प्रदेश कार्यकारिणी में कुछ नियुक्तिों का ऐलान किया था। इसमें भी आशुतोष रांका का नाम शामिल है। आशुतोष रांका को इंटिलेक्चुअल विंग का स्टेट सेक्रेट्री नियुक्त किया गया था। इसके अलावा पर पार्टी के मंच से कई मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते भी दिखते थे। सीजेपी के मुताबिक, आशुतोष रांका भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र हैं। वह इससे पहले लंदन में मैक्किंजे एंड कंपनी में काम कर चुके हैं। पार्टी ने कहा कि रांका पिछले साल भारत लौटे थे और तब से जयपुर में पर्यावरण, शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न जन अभियानों से जुड़े हुए हैं। इनमें नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद से संबंधित अभियान भी शामिल हैं। हालांकि, उनके परिचय में आम आदमी पार्टी से जुड़ाव का जिक्र नहीं किया गया। अभी यह साफ नहीं है कि रांका आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं या नहीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/04/ जून /2026