- मोदी सरकार के 12 साल...आज से शुरू होगा भाजपा का अभियान भोपाल (ईएमएस)। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा शहरभर में जहां व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी, वहीं सांसद से लेकर कार्यकर्ता प्रबुद्धजनों के बीच जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड से 25-25 बुद्धिजीवियों का चयन कर उनसे संपर्क किया जाएगा। कार्यकर्ता उन्हें केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और विकसित भारत के संकल्प से अवगत कराएंगे तथा सम्मेलनों में शामिल होने का निमंत्रण देंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम पांच बुद्धिजीवियों से संपर्क करने का लक्ष्य दिया गया है और इसकी जानकारी संगठन एप पर अपलोड की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। मंडलों में होगा पौधारोपण विश्व पर्यावरण दिवस पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 जून को शहर के सभी मंडलों में एक साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत होने वाले इस आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायकों के साथ नगर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। पौधा लगाने वाले को सौंपेंगे पालन-पोषण की जिम्मेदारी पार्टी ने निर्णय लिया है कि पौधारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी संबंधित मंडलों को सौंपी जाएगी। अभी सांकेतिक रूप से पौधारोपण किया जाएगा, जबकि मानसून के आगमन के बाद बड़े स्तर पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिससे पौधों के विकसित होने की संभावना अधिक रहे। विनोद / 04 जून 26