राज्य
04-Jun-2026


कन्नौज (ईएमएस)। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कन्नौज में प्रशासन द्वारा एक निजी स्कूल में ठहरने की अनुमति नहीं दिए जाने के आरोप के बाद सड़क किनारे बने अस्थायी शिविर में रात बिताई। गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर ‘गो-विष्टि यात्रा’ पर निकले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बुधवार को यहां पहुंचे थे। उनके सहयोगियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का रात्रि विश्राम छिबरामऊ के सलेमपुर स्थित आशा पब्लिक स्कूल में प्रस्तावित था। उन्होंने आरोप लगाया कि शाम के समय प्रशासन ने उन्हें सूचित किया कि वहां ठहरने की अनुमति नहीं दी गई है। सहयोगियों ने बताया कि अनुमति नहीं मिलने के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने पाल चौराहे पर बनाए गए स्वागत स्थल पर रुकने का निर्णय लिया, जहां उनके लिए एक अस्थायी शिविर स्थापित किया गया। उन्होंने बताया कि पूरी रात वहां पुलिस बल भी तैनात रहा। उनके सहयोगियों के अनुसार, भीषण गर्मी के बावजूद शिविर स्थल पर रोशनी और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बृहस्पतिवार सुबह फर्रुखाबाद रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा कि उनकी यात्रा अब तक लगभग 150 विधानसभा क्षेत्रों से गुजर चुकी है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना तथा गो-रक्षा, गो-संरक्षण और धार्मिक मूल्यों के प्रति जागरुकता फैलाना है। जितेन्द्र 04 जून 2026