- हज-2026 खत्म होते ही शुरू हुई हज-2027 की तैयारियां भोपाल (ईएमएस)। हज-2026 की यात्रा संपन्न होते ही हज-2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्रालय ने इच्छुक यात्रियों के लिए अभी से पासपोर्ट से जुड़ी गाइडलाइन जारी की है। इसके बाद मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी ने हज यात्रा के इच्छुक लोगों से अभी से अपने पासपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है। हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा 2 जून को जारी परिपत्र के अनुसार सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्रालय ने 29 मई 2026 को हज-2027 के लिए तैयारी दस्तावेज जारी कर दिया है। इसके साथ ही अगले वर्ष की हज व्यवस्थाओं की तैयारी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उल्लेखनीय है कि हज-2026 की मुख्य रस्में 29 मई को पूरी हुई थीं और इसके तुरंत बाद हज-2027 की तैयारियों का खाका तैयार कर लिया गया। मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी व सचिव डॉ. फरजाना गजल ने बताया कि हज-2027 की आधिकारिक घोषणा शीघ्र होने की संभावना है। ऐसे में हज यात्रा के इच्छुक आवेदकों को सऊदी मंत्रालय द्वारा सलाह दी गई है कि वे अपने पासपोर्ट समय रहते तैयार कर लें। हज कमेटी ने यात्रियों के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी बताई हैं। इसके अनुसार पासपोर्ट पूरी तरह मशीन से पढ़े जाने योग्य (मशीन-रीडेबल) होना चाहिए तथा उसकी वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक होना अनिवार्य है। नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को यह भी ध्यान रखना होगा कि पासपोर्ट में उपनाम (सरनेम) का कॉलम खाली न रहे। कमेटी ने कहा है कि समय पर दस्तावेज तैयार होने से हज आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। विनोद / 04 जून 26