राज्य
04-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुए भीषण अग्निकांड की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना गया है। हादसे में 21 लोगों की मौत हुई, जिनमें 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं। जांच में रूफ एग्जिट बंद होने और सुरक्षा संबंधी खामियां भी सामने आई हैं। दिल्ली के मालवीय नगर के फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आग लगने की शुरुआती वजह होटल की इंटरनल वायरिंग में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है और 11 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जिन 12 विदेशी नागरिकों की मौत हुई है, उनमें से 9 की पहचान हो चुकी है। सभी विदेशी नागरिकों के शवों को उनके देश वापस भेजने के लिए दिल्ली पुलिस उनकी लिस्ट विदेश मंत्रालय को भेज दी है। विदेशी नागरिकों की पहचान मौके से मिले पासपोर्ट के आधार पर की गई है। इनकी डीएनए प्रोफाइलिंग पुलिस ने करवा ली है। शवों का पोस्टमार्टम भी एंबेसी की परमिशन के बाद किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, होटल की फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल की एक्सपर्ट टीम आज एक बार फिर आएगी। कल एफएसएल की टीम केवल एक ही फ्लोर पर जांच कर पाई थी। कई कमरों में जांच के दौरान दमकल विभाग को इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे और दूसरे उपकरण मिले थे। दरअसल, जो लोग लंबे समय से होटल में रुके हुए थे वो खाना बनाने के लिए इन उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/04/ जून /2026