- यूट्यूबर, ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा मौका, 15 जून तक कर सकेंगे आवेदन भोपाल (ईएमएस)। भाजपा के सोशल मीडिया प्रभाव का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति तैयार की है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत ऐसे युवाओं की तलाश की जा रही है, जिनकी सोशल मीडिया पर अच्छी पकड़ हो और जो बड़ी संख्या में लोगों तक अपनी पहुंच रखते हों। अभियान के तहत यूट्यूबर, ब्लॉगर, कंटेंट राइटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और डिजिटल क्रिएटर के रूप में सक्रिय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कांग्रेस का उद्देश्य ऐसे लोगों को संगठन से जोडऩा है, जो डिजिटल माध्यमों के जरिए बड़ी संख्या में लोगों तक अपनी बात प्रभावी तरीके से पहुंचा सकें। कांग्रेस का कहना है कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनमत निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सोशल मीडिया के जरिए जनता के सामने भ्रामक जानकारी प्रस्तुत कर रही है। ऐसे में कांग्रेस जनहित और जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत डिजिटल टीम तैयार कर रही है। संगठन की विचारधारा से जोड़े जाएंगे चयनित युवा उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग से जोड़ा जाएगा। उन्हें संगठन की विचारधारा, जनहित से जुड़े मुद्दों और डिजिटल प्रचार अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर दिया जाएगा। इसके माध्यम से पार्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी पहुंच और प्रभाव को बढ़ाना चाहती है। 15 जून तक कर सकेंगे आवेदन सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक युवा 15 जून 2026 तक ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। कांग्रेस संगठन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस अभियान में भाग लेने की अपील की है। चरणबद्ध तरीके से होगा चयन अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग 15 से 19 जून तक की जाएगी। इसके बाद 20 से 23 जून के बीच जिला कांग्रेस अध्यक्ष और सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी आवेदकों के साक्षात्कार लेंगे। इसके बाद 24 से 28 जून तक अंतिम स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 जून 2026 को चयनित सोशल मीडिया वॉरियर्स की अंतिम सूची जारी की जाएगी। युवाओं से अधिक भागीदारी की अपील यह कांग्रेस से जुडऩे का एक अच्छा अवसर है। किसी भी वर्ग, समाज या धर्म का युवा अपनी प्रतिभा और सोशल मीडिया कौशल के आधार पर इस अभियान का हिस्सा बन सकता है। प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, कंटेंट क्रिएटर्स, ब्लॉगर और सोशल मीडिया क्षेत्र से जुड़े लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है। मजबूत डिजिटल टीम बनाने पर जोर कांग्रेस का मानना है कि इस अभियान के जरिए संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और एक सशक्त डिजिटल टीम तैयार होगी। यह टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का काम करेगी। विनोद / 04 जून 26