विपिन को अधारताल, संगीता को बरेला थाने की मिली कमान जबलपुर (ईएमएस)। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा किए गए हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत आधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमार कुमरे को लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह विपिन ताम्रकार को आधारताल थाने की कमान सौंपी गई है। आदेश जारी होने के बाद पुलिस महकमे और शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि विभागीय स्तर पर इस बदलाव को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन सूत्रों के अनुसार प्रवीण कुमरे को लाइन अटैच किए जाने के पीछे एक कबाड़ी से जुड़े विवाद की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बरेला थाना की कमान संगीता सिंह को …. पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में बरेला थाना प्रभारी पद पर भी परिवर्तन किया गया है। आईपीएस अधिकारी शुभम सिंह ठाकुर के स्थान पर संगीता सिंह को बरेला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। नए पदस्थ अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आधिकारिक तौर पर नहीं हुआ खुलासा......... पुलिस विभाग ने तबादले या लाइन अटैच की कार्रवाई के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया है। वहीं, शहर के पुलिस और प्रशासनिक गलियारों में कबाड़ी से जुड़े विवाद को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। फिलहाल विभाग की ओर से इसे सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बताया जा रहा है, जबकि वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। सुनील साहू / शहबाज / 04 जून 2026/ 05.52