खेल
04-Jun-2026
...


जकार्ता (ईएमएस)। भारत की शीर्ष बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु इंडोनेशियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गयी हैं। सिंधु को कड़े मुकाबले में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की आन से यंग ने सीधे गेम में 17-21, 14-21 के हरा दिया। इस हार से सिंधु का खिताब जीतने का सपना टूट गया। यह लगातार 10वीं बार है जब सिंधु आन से यंग के खिलाफ हारी हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी सिंधु को यंग के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। शुरुआत में स्कोर 10-10 पर बराबर था। सिंधु ने शुरुाआत में 15-14 की मामूली बढ़त बनायी। उन्होंने लगातार कई अंक बटोरते हुए 19-16 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने अपनी लय बरकरार रखते हुए लगातार दो अंक जीते और पहला गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भी आन ने 13-6 की निर्णायक बढ़त बना ली। सिंधु ने प्रत्येक अंक के लिए संघर्ष किया और इस बीच कुछ महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। सिंधु के लिए अंक बटोरना बेहद मुश्किल हो गया। ऐसे में कोरियाई खिलाड़ी ने गेम 21-14 से जीत लिया। ईएमएस 04जून 2026