चेन्नई (ईएमएस)। दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को उम्मीद है कि अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से मुल्लांपुर में शुरू हो रहे एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच में बाएं हाथ के युवा स्पिनर हर्ष दुबे को अंतिम ग्यारह में जगह मिलेगी। अश्विन के अनुसार पिछले कुछ समय में हर्ष ने घरेलू क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन कर अपने को साबित किया है। इसके अलावा अश्विन को उम्मीद है कि शुभमन गिल की कप्तानी में टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। अश्विन के अनुसार जिस प्रकार से शुभमन ने अब तक बल्लेबाजी की है उससे मुझे उम्मीद है कि वह बेहतर प्रदर्शन करेंगे। अश्विन ने कहा, हालांकि मेरी नजरें हर्ष पर टिकी हुई हैं और मैं यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हूँ कि उन्हें इस बड़े प्रारूप में अवसर मिलता है या नहीं। गौरतलब है कि टीम प्रबंधन को मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच किसी एक को चुनना होगा पर हर्ष ने जिस प्रकार से पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, उससे मेरा मानना है कि उसे ही अवसर मिलना चाहिये। अश्विन ने इस स्पिनर के आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन को भी एक कारण बताया है। अश्विन के अनुसार वह हर्ष को भारतीय टेस्ट कैप पहने देखना चाहते हैं। साथ ही कहा ये स्पिनर टीम में जगह का अधिकारी है। भारतीय टीम के पास कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी स्पिनर हैं। ऐसे में, तीसरा स्पिनर कौन होगा, यह चयनकर्ताओं के लिए सबसे कठिन सवाल है। हर्ष और मानव , दोनों ही अपनी-अपनी क्षमताओं के साथ टीम में जगह बनाने के दावेदार हैं। अश्विन का मानना है कि हर्ष का घरेलू प्रदर्शन और आईपीएल में दिखाया गया आत्मविश्वास उनकी दावेदारी का मजबूत करता है। साथ ही कहा कि केवल एक टेस्ट मैच ही क्यों न हो, किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए देश का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ी बात है। अश्विन ने युवा कप्तान शुभमन गिल से भी अपनी उम्मीदें साझा कीं। उन्होंने कहा कि गिल ने हाल ही में इंग्लैंड के दौरे पर एक कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर अपनी क्षमता दिखायी है। अश्विन ने कहा, शुभमन ने इंग्लैंड में भी काफी रन बनाए और वहां के दबाव को बहुत अच्छी तरह से संभाला। यह उनकी मानसिक दृढ़ता और तकनीकी क्षमता को दिखाता है। इसलिए मुझे पूरी उम्मीद है कि शुभमन इस सीरीज में कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। गिरजा/ईएमएस 05 जून 2026