क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- 29 मार्च से 4 जून तक 479 मोटरें जब्त; पानी की बर्बादी करने वालों पर भी नगर निगम की चालानी कार्रवाई इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर शहर में जलप्रदाय व्यवस्था को सुचारू व व्यवस्थित बनाए रखने तथा नर्मदा जल वितरण प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा नर्मदा लाइन में डायरेक्ट मोटर पंप लगाकर पानी खींचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके पालन में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशन में नगर निगम की चार विशेष टीमों द्वारा लगातार विभिन्न जोन क्षेत्रों में प्रातःकालीन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि नर्मदा जल प्रदाय लाइन से अवैध रूप से मोटर लगाकर पानी खींचने की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से 29 मार्च 2026 से इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई थी। अभियान के अंतर्गत 4 जून 2026 तक शहर के विभिन्न इलाकों से कुल 479 अवैध पानी की मोटरें जब्त की जा चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और जल वितरण व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। - विभिन्न जोनों से जब्त की गईं अवैध मोटरें :: आज की कार्रवाई के दौरान निगम के मैदानी दलों द्वारा विभिन्न जोनों में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध रूप से संचालित मोटरों को जब्त किया गया। इसके अंतर्गत जोन क्रमांक-02 के वार्ड क्रमांक-69 स्थित जवाहर मार्ग क्षेत्र से 3 मोटर, जोन क्रमांक-03 के वार्ड क्रमांक-56 से 5 मोटर तथा जोन क्रमांक-04 के वार्ड क्रमांक-11 से 6 मोटरें जब्त की गईं। निगम अधिकारियों ने कहा कि नर्मदा लाइन पर सीधे मोटर लगाना नियमों का गंभीर उल्लंघन है, क्योंकि इससे लाइन का प्रेशर कम होता है और अन्य उपभोक्ताओं तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता है। - पानी बहाने और गंदगी करने वालों पर जुर्माना :: नगर निगम द्वारा जल संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समानांतर रूप से एक विशेष जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान भी संचालित किया जा रहा है। आयुक्त के निर्देशानुसार क्षेत्रीय सीएसआई एवं उनकी टीमों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़कों पर पानी बहाने, बेवजह जल का अपव्यय करने तथा पानी फैलाने के कारण गंदगी पैदा करने वाले 34 लापरवाही लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इन सभी से मौके पर कुल 9,850 रुपये की समन राशि वसूल की गई। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल संकट को देखते हुए पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझें। प्रकाश/04 जून 2026