क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- हर नागरिक से एक पौधा लगाने की अपील गुना (ईएमएस) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सिंगवासा तालाब परिसर में जिला प्रशासन और नगर पालिका द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कन्याल, नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, एसडीएम शिवानी पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष धरम सोनी, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कलेक्टर किशोर कन्याल ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका क्षेत्र में विशेष पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई है। वर्तमान में बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर गड्ढे तैयार किए जा रहे हैं और उनकी मरम्मत का कार्य भी चल रहा है, ताकि वर्षा शुरू होते ही बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा सके। उन्होंने कहा कि अभी भीषण गर्मी का दौर है, इसलिए लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माता-पिता अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं, उसी प्रकार लगाए गए पौधों की भी देखभाल करना आवश्यक है। पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु, छाया और बेहतर पर्यावरण प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों में मानसून की शुरुआत के साथ नगर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।_सीताराम नाटानी