क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


गुना (ईएमएस)। कैंट थाना क्षेत्र के सिंगवासा गांव में एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सिंगवासा निवासी नीतुल सहरिया (25) की सगी भतीजी का विवाह शिवपुरी में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के अधिकांश सदस्य शिवपुरी गए हुए थे। घर पर नीतुल और उसकी पत्नी ही मौजूद थे। इसी दौरान नीतुल ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि नीतुल की शादी करीब 5 से 6 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो बेटियां एवं एक बेटा है। परिवार के लोगों का कहना है कि उसने कभी किसी प्रकार की परेशानी या तनाव की बात नहीं बताई थी। घटना की सूचना मिलने पर परिजन तत्काल वापस गांव पहुंचे और उसे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की अचानक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।-सीताराम नाटानी