- प्रशासन की मध्यस्थता से सुलझा मामला धमतरी(ईएमएस)। जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़ाईभाठा में एक मतांतरित व्यक्ति के निधन के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। शव को गांव में दफनाने की तैयारी की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, मामले की सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन के सदस्यों ने प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति ने जीवनकाल में धर्म परिवर्तन कर लिया था और वह अलग धार्मिक परंपराओं का पालन करता था। ऐसे में उसके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी उसी धर्म की मान्यताओं और निर्धारित स्थान पर की जानी चाहिए। संगठन से जुड़े डाकेश्वर साहू ने बताया कि इस संबंध में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया था। उनका कहना था कि अंतिम संस्कार को लेकर भविष्य में किसी प्रकार का सामाजिक विवाद न हो, इसलिए धार्मिक परंपराओं के अनुरूप व्यवस्था की जानी चाहिए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए भखारा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया। लंबे विचार-विमर्श और आपसी सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया कि शव का अंतिम संस्कार गांव में नहीं बल्कि ईसाई समुदाय के निर्धारित कब्रिस्तान में किया जाएगा। प्रशासनिक सहमति के बाद देर शाम संबंधित व्यक्ति के शव को ईसाई कब्रिस्तान ले जाकर दफनाया गया। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। घटना के बाद हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते हस्तक्षेप होने से संभावित विवाद टल गया और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली। प्रशासन ने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और संवेदनशील मामलों में कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जून 2026