क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- PWD कर्मचारी पर धोखाधड़ी का आरोप धमतरी(ईएमएस)। जिले के सदर बाजार क्षेत्र से एक चौंकाने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें वर्षों पुराने पारिवारिक संबंध और भरोसे का कथित तौर पर दुरुपयोग कर एक सराफा व्यापारी को करीब 70 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। मामले में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कर्मचारी पर सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सदर बाजार का है। पीड़ित सराफा कारोबारी जसराज जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी हेमंत सोनी लोक निर्माण विभाग में कार्यरत है। हेमंत के पिता लंबे समय तक उनकी ज्वेलरी दुकान में काम कर चुके थे, जिसके कारण दोनों परिवारों के बीच वर्षों से विश्वास और पारिवारिक संबंध बने हुए थे। व्यापारी के अनुसार, इसी परिचय और भरोसे के चलते हेमंत सोनी का दुकान में नियमित आना-जाना शुरू हुआ। धीरे-धीरे वह ग्राहकों को आभूषण दिखाने, बिक्री संबंधी कार्यों में सहयोग करने और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में भी शामिल होने लगा। समय के साथ उसने व्यापारी और कर्मचारियों का विश्वास जीत लिया। शिकायत में बताया गया है कि करीब दो महीने पहले हेमंत सोनी दुकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात लेकर निकला था। आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है। व्यापारी को भरोसा था कि वह सामान्य कारोबारी कार्य के तहत जेवर लेकर गया है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। जब काफी समय तक उसका कोई पता नहीं चला तो जसराज जैन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि उसका मोबाइल फोन बंद मिला। परिजनों और परिचितों के माध्यम से भी तलाश की गई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद व्यापारी को आशंका हुई कि उसके साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई है। मामले की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने जेवरात कहीं बेच दिए हैं या किसी अन्य माध्यम से ठिकाने लगाने का प्रयास किया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जून 2026