तिलक को मिलेगी उपकप्तानी मुम्बई (ईएमएस)। बल्लेबाज श्रेयस अय्यर अब भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के नये कप्तान बनने जा रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार गत दिवस भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की एपेक्स कमेटी की बैठक में श्रेयस को कप्तान बनाने पर अंतिम फैसला हो गया। श्रेयस को शनिवार को सूर्यकुमार यादव की जगह पर कप्तान बनाये जाने की घोषणा होगी। अय्यर शनिवार को बीसीसीआई की चयन बैठक में शामिल होंगे। इसमें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम के साथ-साथ एशियाई खेलों के लिए भी टीम चयन होगा। ध्यान रहे कि श्रेयस ने अंतिम बार दिसंबर 2023 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। उन्होंने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की ओर से 498 रन बनाये थे। भारतीय टीम का लक्ष्य अब आयरलैंड के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना रहेगा। उसे आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम इंग्लैंड में पांच टी20 और तीन एकदिवसीय मैच खेलेगी। आयरलैंड के खिलाफ पहला टी20 मैच 26 जून को और दूसरा 28 जून को खेला जाएगा. एक रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई चयन समिति के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाने तैयार है। गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का खिताब लगातार दूसरी बार जीता था पर उनका स्वयं का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। वह रन नहीं बना पाये। उन्होंने नौ मैचों में 242 रन बनाए। फाइनल में वह खाता तक नहीं खोल पाये। इसके बाद आईपीएल 2026 में भी वह मुम्बई इंडियंस की ओर से केवल 270 रन ही बना पाये, जिससे टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। इसी को लेकर पूर्व भारतीय विकेटकीपर सबा करीम ने कहा, “ वर्तमान फॉर्म को देखते हुए, सूर्यकुमार चयन समिति की योजना में फिट नहीं बैठते। 2028 के टी20 विश्व कप को देखते हुए उनको योजना का हिस्सा बनाये रखना संभव नहीं है।” गिरजा/ईएमएस 05जून 2026