बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित कुल 5 वाहनों को जब्त किया है। खनिज अमले ने 2 जून से 4 जून 2026 के बीच तेंदुआ, कोटा, चोरभट्टी, कच्छार, लोफंदी, सेंदरी, निरतु, कोनी, मंगला और हिर्री क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर नजर रखी गई। अवैध परिवहन पर कार्रवाई जांच के दौरान कोटा क्षेत्र में खनिज गिट्टी का परिवहन करते एक हाइवा वाहन को पकड़ा गया। वहीं मंगला स्थित शुभम विहार क्षेत्र में खनिज रेत का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों को जब्त किया गया। कोनी क्षेत्र में भी रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। इसके अलावा हिर्री क्षेत्र में साधारण पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे एक हाइवा वाहन पर कार्रवाई की गई। पुलिस अभिरक्षा में रखे गए वाहन जब्त किए गए सभी पांच वाहनों को कोनी, कोटा, हिर्री और सकरी थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित प्रकरणों में खनिज अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। अभियान रहेगा जारी खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मनोज राज 05 जून 2026