- भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने किया पौधारोपण डीएफओ वी.आर. सिरसाम ने वनकर्मियों को दिए पौधारोपण एवं संरक्षण के गुर भिंड ( ईएमएस ) | विश्व पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भिण्ड विधायक श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह, वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) श्री वी.आर. सिरसाम एवं रेंजर श्री वसंत शर्मा की उपस्थिति में करीब आधा सैकड़ा पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर डीएफओ श्री वी.आर. सिरसाम ने वनकर्मियों को पौधारोपण की वैज्ञानिक पद्धति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फलदार एवं अन्य पौधों के लिए लगभग 45 सेंटीमीटर गहराई तथा समान लंबाई-चौड़ाई का गड्ढा तैयार किया जाता है, जिससे पौधे का विकास बेहतर ढ़ंग से हो सके। उन्होंने पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं देखभाल के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। भिण्ड विधायक श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्ष ही सबसे बड़ा सहारा हैं। डीएफओ श्री सिरसाम ने कहा कि पौधारोपण करना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनकी सुरक्षा और संरक्षण करना है। पौधों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना, समय-समय पर सिंचाई करना तथा उन्हें पशुओं एवं अन्य नुकसान से बचाना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही लगाए गए पौधों के आसपास सफाई अभियान चलाकर उनके संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। इस अवसर पर डीएफओ वी.आर. सिरसाम ने कहा कि पौधे हैं तो जीवन है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।