कांकेर(ईएमएस)। जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के बिक्रमगंज इलाके में एक महिला से चैन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। कार सवार चार अज्ञात लोगों ने महिला के गले से माला छीनकर फरार हो गए, जिनमें तीन युवक और एक युवती शामिल बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घोटिया बढ़ाई पारा निवासी कुमारी बाई साहू (47)अपने खेत में काम करने गई थीं। दोपहर में काम खत्म कर वह घर लौट रही थीं, तभी बिक्रमगंज मेन रोड के पास एक सफेद रंग की कार उनके पास आकर रुकी। पीड़िता के अनुसार, कार में सवार लोगों में से एक युवक नीचे उतरा और उनसे गांव में महुआ शराब मिलने की जानकारी पूछने लगा। इसी दौरान अचानक युवक ने उन पर झपट्टा मारते हुए उनके गले में पहनी करीब 500 रुपये मूल्य की माला छीन ली और तुरंत कार में बैठ गया। महिला ने शोर मचाया और मदद के लिए चिल्लाई, लेकिन आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखी, लेकिन तब तक वाहन तेजी से निकल चुका था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों को देखकर पहचान सकती हैं। घटना की सूचना मिलने पर दुर्गूकोंदल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध कार की पहचान करने का प्रयास कर रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)05 जून 2026