05-Jun-2026
...


गुना (ईएमएस) शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब मकान मालिक का बेटा घर देखने पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार श्रीराम कॉलोनी में 4 नंबर प्लेटफॉर्म के पास स्थित हरिराम झा के मकान में चोरी की वारदात हुई। परिवार पिछले दो दिनों से भगत सिंह कॉलोनी स्थित अपने दूसरे मकान पर रह रहा था, जिससे घर सूना पड़ा था। शुक्रवार सुबह हरिराम झा के पुत्र रत्नेश झा घर देखने पहुंचे तो मुख्य गेट खुला मिला और ताले टूटे पड़े थे। रत्नेश झा ने बताया कि ऊपर जाकर देखा तो घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर घर में रखे करीब 2 लाख रुपए नगद, सोने का मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और दोपहर में खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घर देखते हुए जाने का सोचा, जहां पहुंचने पर चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी हुई है। - सीताराम नाटानी