- एसपी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश फतेहपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन फतेहपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक ने वृक्षारोपण करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव है। इस अवसर पर प्रगति यादव, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो हरित और स्वच्छ वातावरण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। शीबू खान/ ईएमएस 05 जून, 2026