05-Jun-2026
...


जबलपुर,(ईएमएस)। कोयला घोटाले के एक मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के चार अधिकारियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी अधिकारियों को सरकारी संपत्ति और संसाधनों के दुरुपयोग से जुड़े मामले में दोषी पाया। फैसले के अनुसार दो अधिकारियों को चार-चार वर्ष के कठोर कारावास की सजा दी गई, जबकि अन्य दो अधिकारियों को एक-एक वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई। जांच में सामने आया था कि कोयला स्टॉक में बड़े पैमाने पर अनियमितता हुई थी, जिससे सरकारी कंपनी को नुकसान पहुंचा। सीबीआई ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत किए थे। अदालत ने उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर दोष सिद्ध मानते हुए यह फैसला सुनाया। इस निर्णय को भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। नंदिनी परसाई/5 जून 2026