क्षेत्रीय
05-Jun-2026


कल्याण, (ईएमएस)। कल्याण शहर में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने ग्राहक होने का नाटक कर ऑटो-रिक्शा में सफर किया और मौका मिलते ही रिक्शा चालक का मोबाइल फोन तथा नकदी चुराकर फरार हो गया। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले एक सामान्य ग्राहक की तरह रिक्शा रुकवाई और उसमें सवार हो गया। सफर के दौरान उसने रिक्शा चालक का विश्वास जीतने की कोशिश की। इसके बाद जैसे ही उसे मौका मिला, उसने चालक का मोबाइल फोन और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी करने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद जब रिक्शा चालक को अपने मोबाइल और पैसों के गायब होने का पता चला, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गई हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और उसकी मदद से आरोपी की पहचान करने तथा उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि आरोपी के भागने के रास्ते और उसकी गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके। संतोष झा- ०५ जून/२०२६/ईएमएस