क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) आरोह-26 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत शुक्रवार को खिलाड़ियों के लिए ध्यान, स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवनशैली विषयक प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पद्मेश उपाध्याय भी उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 600 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। अपर कलेक्टर श्री रावत ने खिलाड़ियों को ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास कराया तथा हर्टफुलनेस पद्धति के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता भी अत्यंत आवश्यक है। ध्यान के नियमित अभ्यास से एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं मानसिक संतुलन में वृद्धि होती है, जिससे खिलाड़ी अपने लक्ष्य पर बेहतर ढंग से केंद्रित रह पाते हैं। उन्होंने बताया कि देश-विदेश के अनेक सफल खिलाड़ी ध्यान एवं हर्टफुलनेस जैसी पद्धतियों को अपनाकर अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम तथा सकारात्मक सोच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह भी दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय ने खिलाड़ियों को बदलते मौसम में स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन करना तथा विटामिन बी-12 एवं अन्य आवश्यक खनिज तत्वों का सेवन खिलाड़ियों के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में संभागीय खेल अधिकारी एवं शिविर प्रभारी नरेंद्र तोमर, जितेंद्र शुक्ला, अन्य प्रशिक्षक, कोच एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संयोजन श्री श्याम सिंह सिकरवार द्वारा किया गया।