क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


गुना (ईएमएस) 1 जून से लापता चल रहे एक युवक का शव शुक्रवार को गोपीकृष्ण सागर बांध में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार श्रीराम कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय सूरज कोरी 1 जून से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी और लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मृतक के चचेरे भाई संजीव कोरी ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से गोपीकृष्ण सागर बांध में मिले एक शव का वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो देखने पर परिजनों ने शव की पहचान सूरज कोरी के रूप में की। बताया गया है कि सूरज अविवाहित था और आलू-प्याज का ठेला लगाकर परिवार का सहयोग करता था। वह पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। परिजनों के अनुसार वह दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। शुक्रवार को बांध में शव तैरता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।-सीताराम नाटानी