दतिया ( ईएमएस ) | मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित “संपर्क अभियान” के अंतर्गत आज ग्राम दुरसड़ा में आयोजित वृहद जनसेवा शिविर में जिला कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने सहभागिता कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। शिविर के दौरान कलेक्टर ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने शिविर परिसर का भ्रमण कर विभिन्न विभागीय काउंटरों का अवलोकन किया तथा उपस्थित उपभोक्ताओं से चर्चा कर विद्युत सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री वानखड़े ने अपने संबोधन में कहा कि “संपर्क अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच संवाद, विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करना है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विद्युत विभाग द्वारा आयोजित ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं एवं सुझावों को विभाग तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बिजली शिक्षा, कृषि, उद्योग, रोजगार एवं आधुनिक जीवन की आधारभूत आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे में विद्युत संसाधनों का जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग किया जाना चाहिए। कलेक्टर ने विद्युत चोरी के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए कहा कि सफेद तार अथवा अन्य किसी भी माध्यम से अवैध विद्युत उपयोग कानूनन अपराध है तथा इससे विभाग एवं ईमानदार उपभोक्ताओं दोनों को नुकसान होता है। कलेक्टर ने बताया कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना उपलब्ध है, वहां घरेलू विद्युत कनेक्शन मात्र 5 रुपये में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में पात्र बीपीएल परिवार भी मात्र 5 रुपये में घरेलू विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही विद्युत उपयोग करने का आग्रह किया। जिन क्षेत्रों में स्थायी अधोसंरचना उपलब्ध नहीं है, वहां अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेकर सुरक्षित एवं वैधानिक रूप से बिजली का उपयोग किया जाना चाहिए। शिविर में स्थापित स्मार्ट मीटर डेमो काउंटर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां श्री संदीप अग्रवाल द्वारा स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रियल टाइम ऊर्जा खपत की निगरानी, पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था एवं उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कलेक्टर महोदय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर विद्युत प्रबंधन एवं उपभोक्ता सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान के बीच निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में जुटे लाइनमैन एवं मैदानी कर्मचारियों की कलेक्टर महोदय ने विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी विद्युत कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे आमजन को बेहतर विद्युत सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। साथ ही जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं सतत विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए। संपर्क अभियान शिविर के दौरान अनेक उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। उपभोक्ता श्री हीरालाल इकारा ने अपनी समस्या का निराकरण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए लगभग 75 हजार रुपये की बकाया राशि जमा की। इसी प्रकार श्री विजय सिंह द्वारा लगभग 12 हजार रुपये का बकाया विद्युत बिल जमा किया गया। वहीं श्री अमित कुमार गौतम का नाम परिवर्तन प्रकरण भी मौके पर ही निराकृत किया गया, जिससे उन्होंने विभागीय सेवाओं की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया तथा उपस्थित नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की अपील की गई। महाप्रबंधक श्री धर्मेन्द्र कौशिक ने बताया कि संपर्क अभियान के अंतर्गत उपभोक्ताओं को बिल सुधार, नाम परिवर्तन, भार परिवर्तन, नवीन कनेक्शन, ई-केवाईसी, समाधान योजना, स्मार्ट मीटर संबंधी जानकारी, विद्युत सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री किसान हितग्राही जागरूकता तथा शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान के माध्यम से विभाग उपभोक्ताओं तक पहुंचकर समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर रहा है।