- पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक ने प्रशिक्षणार्थियों को किया संबोधित सागर (ईएमएस)। आगामी सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु सागर जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी (JNPA), सागर में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को आधुनिक सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था संधारण एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए दक्ष बनाना है।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन, श्री मिथिलेश शुक्ला, पुलिस उप महानिरीक्षक, सागर रेंज, श्री शशीन्द्र चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सागर, श्री लोकेश कुमार सिन्हा जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी पहुंचे तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे आयोजन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए।अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, संचार प्रणाली, आपदा प्रतिक्रिया, वीआईपी ड्यूटी, यातायात नियंत्रण तथा जनसहयोग आधारित पुलिसिंग के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव सिंहस्थ-2028 सहित अन्य बड़े आयोजनों एवं विशेष परिस्थितियों में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक पुलिसिंग की अवधारणाओं, नवीन तकनीकों तथा व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे वे किसी भी परिस्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने में सक्षम हो सकें।सागर पुलिस द्वारा सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन की यह प्रक्रिया निरंतर जारी है, जिससे आगामी आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जा सके। निखिल सोधिया/ईएमएस/05/06/2026