- गांव में पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं, 513 लोगों का हुआ परीक्षण और उपचार - विराज शास्त्री फतेहपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से जन कल्याण महासमिति फतेहपुर द्वारा विकास खंड हसवा के ग्राम रामपुर थरियांव में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विभाकर शास्त्री ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउण्डेशन के चेयरमैन विराज शास्त्री एवं कंसल्टेंट निशीत भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस और मानव सेवा का यह संगम समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्गों, महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों को उनके गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। शिविर में कुल 513 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, आंख एवं कान संबंधी जांचों के साथ 128 लोगों की एचआईवी एवं सिफलिस जांच भी की गई। जांच के दौरान एक व्यक्ति एचआईवी रिएक्टिव पाया गया। चिकित्सकों द्वारा सभी मरीजों को आवश्यक परामर्श प्रदान करते हुए निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। नेत्र परीक्षण शिविर में 225 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 110 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। मोतियाबिंद एवं अन्य जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए जिला चिकित्सालय फतेहपुर रेफर किया गया। वहीं कान संबंधी समस्याओं से ग्रसित लोगों को 50 श्रवण यंत्र (हियरिंग मशीन) भी वितरित किए गए। संस्था के सचिव बी.पी. पाण्डेय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा ही सच्ची समाज सेवा है। उन्होंने बताया कि संस्था उन बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास कर रही है, जो किसी कारणवश अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं तिलक कर केक काटा गया तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पीपल, बरगद, पाकर एवं आम सहित पांच देव वृक्षों का पौधरोपण भी किया गया। शिविर के संयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता धनंजय द्विवेदी, नीटू मिश्रा, डॉ. आदित्य पाण्डेय, किशन पांडेय, विनय सिंह, कमल लोधी, ब्रजेश द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनीत अग्रहरि, मिथुन गौतम, संदीप द्विवेदी, ललित तिवारी एवं विजय द्विवेदी सहित अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया और गांव में स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। शिविर में डॉ. रतिक गुप्ता, डॉ. मनतसा, डॉ. आदित्य कुमार, डॉ. पवन त्रिपाठी, सौरभ सिंह (फार्मासिस्ट), नगमा, रियांका सिंह, श्रेया (स्टाफ नर्स), आदर्श मिश्रा, माया देवी, रवींद्र कुमार एवं राघवेंद्र सहित चिकित्सा टीम के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी संस्था के मीडिया प्रभारी अजय सिंह चौहान द्वारा दी गई। शीबू खान/ ईएमएस 05 जून, 2026